अमृतसरः जिले में नशे के खिलाफ चलाई गई मुहिम के तहत पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले की जानकारी देते हुए पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि नशा तस्करी नेटवर्क का प्रमुख संचालन माझा और दोआबा क्षेत्र में काफी सरगरम था, और इसका मुख्य संचालक दुबई और अबू धाबी में बैठा करन चला रहा था। पुलिस ने 2 आरोपियों को पकड़ते हुए 10 किलो ICE (मेथामफेटामाइन) और 4 किलो हेरोइन जब्त की है। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि इस मामले में प्रमुख सदस्य मोहित उर्फ बच्ची है, जो जालंधर के फिलोर क्षेत्र का रहने वाला है।
वह 6 मई 2026 को दुबई से वापस आया था। पुलिस के मुताबिक़, उसे दुबई में नशा तस्करी की विशेष ट्रेनिंग दी गई थी और हेरोइन व ICE की खेप और भारत में सप्लाई की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। दूसरा आरोपी अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श, उर्फ हरमन, निवासी कोट खालसा, अमृतसर का रहने वाला है। वह बीकॉम पास है और मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव का काम करता था। पुलिस के अनुसार, उसका काम नशे की खेपों को छुपाकर सुरक्षित स्थानों पर स्टोर करना था। अर्जदीप के खिलाफ पहले भी NDPS और हवाई फायरिंग के मामले दर्ज हैं।
जांच में यह भी सामने आया कि इससे पहले पकड़ी गई 45 किलोग्राम हेरोइन की खेप का संबंध भी इसी नेटवर्क से था। इस नेटवर्क के अन्य दो साथी साहिबप्रीत सिंह और गगनदीप सिंह उर्फ गगन को पहले ही करीब साढ़े 7 किलो हेरोइन समेत गिरफ्तार किया गया है। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि मुख्य संचालन विदेशी में बैठकर काफी समय से नशा तस्करी का जाल चला रहा था। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों, अंतरराष्ट्रीय लिंक और आर्थिक लेन-देन की जांच कर रही है। इस संबंध में थाना छेहराटा में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े और अधिक लोगों की गिरफ्तारी और बड़े खुलासे होने की संभावना है।
