अमृतसरः नशे और हथियारों के खिलाफ चलाई गई मुहिम के तहत काउंटर इंटेलिजेंस की टीम ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हथियार और हेरोइन बरामद की है। मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5.5 किलो हेरोइन, 4 पिस्तौल और 10 कारतूस बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी सीमा पार बैठे तस्करों के संपर्क में थे।आरोपी पाकिस्तान से भेजी गई हथियार और गोला-बारूद की खेप को पंजाब में आगे सप्लाई करने का काम कर रहे थे। पुलिस को शक है कि इस नेटवर्क के तार अंतरराष्ट्रीय तस्करी गिरोहों से जुड़े हो सकते हैं। इस मामले में थाना एसएसओसी अमृतसर में केस दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की आगे और पीछे की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है, ताकि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके। पंजाब पुलिस का कहना है कि राज्य में नशे, अवैध हथियारों और संगठित अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, युवाओं को नशे के जाल से बचाने और राज्य में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए ऐसे ऑपरेशन आगे भी जारी रहेंगे। इस बड़ी कार्रवाई को पंजाब पुलिस की एक अहम उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे राज्य में सक्रिय तस्करी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।
