अमृतसरः कमिश्नरेट पुलिस ने नशे और संगठित अपराध के ख़िलाफ़ चल रही मुहिम के तहत गैरकानूनी हथियार और हेरोइन तस्करी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 2 किलो 225 ग्राम हेरोइन, 6 आधुनिक पिस्टल और 12 ज़िंदा कारतूस बरामद किए हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सुखदेव सिंह उर्फ़ सुख और हरजिंदर सिंह उर्फ़ जिंदर के तौर पर हुई है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस कमिशनर अमृतसर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि यह कार्रवाई पंजाब सरकार की ‘नशा विरोधी युद्ध’ और संगठित अपराध के ख़िलाफ़ चल रही मुहिम के तहत की गई है। दोनों अमृतसर देहाती क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस जांच के दौरान सामने आया है कि आरोपी पाकिस्तान स्थित तस्करों के संपर्क में थे और ड्रोन के जरिए भेजी जाने वाली हेरोइन और हथियारों की खेपों को सीमा के पास तय स्थानों से उठाकर आगे सप्लाई करते थे।
पूछताछ में पहले हरजिंदर से चार पिस्टल और बाद में और दो पिस्टल बरामद की गईं। कमिश्नर भुल्लर ने बताया कि इस कार्रवाई से न केवल बड़ी मात्रा में नशा बाज़ार में पहुंचने से रोका गया है, बल्कि गैरकानूनी हथियारों की आपूर्ति शृंखला को भी बड़ा झटका लगा है। उन्होंने कहा कि पुलिस को इस मामले में और भी महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और जल्द ही और गिरफ्तारी की संभावना है। मामले संबंधी थाना छेहराटा और थाना कैंट में केस दर्ज कर आगे तथा पिछले लिंक की जांच की जा रही है।
