संगरूरः शहर के पटियाला गेट मेन बाजार में मौजूद मोदिश गारमेंट्स में शुक्रवार देर रात आग लगने का मामला सामने आया। इस भयानक आग में दुकान सारा सामान जलकर राख हो गया। हालांकि आग लगने का कारण शार्ट सर्किट माना जा रहा है। दुकानदार का करीब डेढ़ करोड़ रुपये का नुकसान होने की आशंका है। आग पर काबू पाने के लिए देर रात फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों को चार घंटे से अधिक का समय लगा।
काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक सारे कपड़े, असेसरी, फर्नीचर व अन्य सामान जलकर राख हो चुका था। व्यापार मंडल, गारमेंट्स शाप एसोसिएशन संगरूर सहित अन्य व्यापारिक संगठनों ने पंजाब सरकार से पीड़ित दुकानदार को आर्थिक मदद मुहैया करवाने की मांग की है। जानकारी देते हुए पीड़ित दुकानदार मक्खन सिंगला पुत्र सरवण दास निवासी संगरूर ने बताया कि शुक्रवार रात वह दुकान बंद करके घर चले गए थे। करीब साढ़े ग्यारह बजे के बाद उन्हें दुकान के सामने मौजूद दुकानदार का फोन आया कि आपकी शाप में से धुआं निकल रहा है।
इसके तुरंत बाद वह दुकान पर पहुंचे। दुकान का शटर खोलकर देखा तो भीतर भयानक आग लगी हुई थी। आग ने दुकान की तीनों मंजिलों को अपनी चपेट में ले लिया था। कपड़े के कारण आग तेजी से फैल गई। इसके तुरंत बाद उन्होंने फायर ब्रिगेड व पुलिस को सूचना दी। सफायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची व आग बुझाने का कार्य आरंभ किया।

