लुधियानाः जिले में पंजाबी सिंगर इंदर कौर उर्फ यशइंदर कौर की 29 वर्ष की उम्र में हत्या कर दी गई। इंदर कौर का शव नीलो नहर से बरामद हुआ। वहीं इस मामले को लेकर परिवार का कहना है कि मोगा का रहने वाला एनआरआई सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा जबरदस्ती शादी करने का दबाव बना रहा था। इंदर कौर द्वारा मना करने पर उसने उसे 6 दिन पहले गन प्वाइंट पर किडनैप कर लिया था। जिसके बाद से इंदर की लगातार तलाश जारी थी। लेकिन आज इंद्र का शव नहर से बरामद हुआ है। परिवार ने बताया कि 5 साल पहले दोनों की इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई थी, लेकिन जैसे ही इंदर को पता चला कि आरोपी शादीशुदा है और उसके बच्चे हैं, तो उसने शादी करने से मना कर दिया था, इसी बात से आरोपी खुन्नस रखने लगा था।
परिवार का आरोप है कि व्यक्ति हत्या करने के बाद वह कनाडा भाग गया है। परिवार के अनुसार हत्या करने के लिए ही कनाडा से नेपाल के रास्ते पंजाब आया था, फिर इसी रास्ते वापस भाग गया। फिलहाल पुलिस ने मृतका के शव को नहर से बाहर निकलवा लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए समराला के सिविल अस्पताल में भेज दिया है। इंदर के माता-पिता और दो भाई कोरिया में रहते हैं। जबकि उसका एक भाई लुधियाना के जमालपुर में रहता है। सिंगर के भाई जोतइंदर सिंह ने कहा कि, इंदर कौर 13 मई को रात करीब साढ़े 6 बजे अपनी सफेद रंग की फोर्ड फिगो कार लेकर बाजार से घर का राशन-पानी (ग्रॉसरी) लेने निकली थी, लेकिन वह वापस घर नहीं लौटी।
छानबीन के दौरान उन्हें पता चला कि यशइंदर की दोस्ती सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा नाम के एक व्यक्ति से थी और वह अभी अपने परिवार के साथ कनाडा में रहता है। 13 मई की रात को सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा, उसके पिता प्रीतम सिंह, उसके दोस्त करमजीत सिंह और कुछ अन्य अज्ञात साथियों ने मिलकर यशइंदर कौर को गन-पॉइंट पर जान से मारने की नीयत से अगवा कर लिया। भाई ने कहा कि सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा, यशइंदर कौर पर जबरदस्ती शादी करने का दबाव बना रहा था और इस काम में सुक्खा के पिता प्रीतम सिंह भी उसका साथ दे रहे थे।
एसीपी इंद्रजीत बोपाराय ने कहा कि जमालपुर थाने सिंगर भाई जोतइंदर सिंह की शिकायत पर केस दर्ज किया गया था कि उसकी बहन को सुखविंदर सिंह ने गनपॉइंट पर अपने साथियों के साथ किडनैप कर लिया। जब इस मामले की जांच की तो नीलो नहर में कल लड़की की कार मिली, इसके बाद आज (19 मई) उसकी लाश मिल गई है। इस मामले में धाराओं को बढ़ाया जाएगा। गनपॉइंट पर किडनैप किया या नहीं इसकी जांच की जा रही है। सुखविंदर सिंह अभी गिरफ्तार नहीं हुआ।
