चंडीगढ़: हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि “मन की बात” कार्यक्रम परिवार मिलन कार्यक्रम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मन की बात कार्यक्रम के माध्यम से परिवार के नाते देश के लगभग 140 करोड़ लोगों से रूबरू होते हैं और महत्वपूर्ण बातें सांझा करते हैं। विज आज अम्बाला छावनी के मोंगा अस्पताल के संचालक डा. तरसेम मोंगा के आवास पर शहर के प्रबुद्ध लोगों व कार्यकर्ताओं के साथ मन की बात कार्यक्रम को देख व सुन रहे थे।
ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने इस मौके पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि हर माह के अंतिम रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मन की बात कार्यक्रम के माध्यम से देश के लोगों से रूबरू होते हैं। इस मौके पर वह महत्वपूर्ण बातें एवं जानकारी लोगों के साथ सांझा करते हैं। उन्होंने कहा कि आज मोदी जी ने मन की बात कार्यक्रम के माध्यम से किसानों को जैविक खेती बारे प्रेरित किया है और उसके तहत उदाहरण भी दिया है।
उन्होंने कहा कि मेरा मानना भी है कि हर किसान जिसके पास जितनी भी जमीन है उसमें से 25 प्रतिशत जमीन पर वह जैविक खेती जरूर करे ताकि लोगों को बिना खाद और बिना कैमिकल के खाने की चीजें मिल सकें। इसके अलावा, उन्होंने खेती में विविधता की भी बात की है।