चरखी दादरीः हरियाणा के चरखी दादरी में थाने के सामने गोलियां चलने की घटना सामने आई है। जहां कानून-व्यवस्था को सरेआम चुनौती दी गई। सिटी थाना के ठीक सामने दिनदहाड़े अज्ञात हमलावरों ने स्ककार्पियो गाड़ी पर अंधाधुंध फायरिंग करके हमलावार मौके से पैदल फरार हो गए। घटना में ब्लैक स्कॉर्पियो सवार 7 लोग घायल हो गए। घायलों की पहचान अंकित (चरखी दादरी), कीर्तिमान (हिसार), सूरज (मानहेरू), अंकित (भिवानी), सनी (हिसार), कृष्ण (महेंद्रगढ़) और अमित (फतेहगढ़) के रूप में हुई हैं। सभी को सिविल अस्पताल लाने के बाद रोहतक PGI रेफर किया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सिटी थाने के ठीक सामने 3 बदमाश बाइक पर बैठकर आए और गाड़ी रुकवाकर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। 30 राउंड फायरिंग से ब्लैक स्कॉर्पियो को छलनी किया। गोलियों की गूंज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो सवार कोर्ट से पेशी भुगतकर आ रहे थे। पुलिस इसे गैंगवार मान रही है। घटना का वीडियो भी सामने आया।
जिसमें हमलावर हाथ में रिवॉल्वर लेकर भागते दिखे। हमलावर भरे बाजार में हथियार लहराते और गालियां देते जा रहे थे। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है, जबकि गोलीबारी की वजह की जांच जारी है। घटना की सूचना मिलते ही एसपी और दो डीएसपी घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक, डीएसपी समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक टीम की मदद ली जा रही है। मौके से बरामद गोलियों के खोल और अन्य सुरागों की भी जांच की जा रही है।