नई दिल्ली: भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर लगातार नए-नए अपडेट सामने आ रहे हैं। इसको लेकर अब दोनों देशों के वार्ताकारों के बीच अटके हुए मुद्दे को सुलझाने के लिए बातचीत का दौर जारी है। हफ्ते की शुरुआत में बैठकों की शुरुआत होने से पहले जहां केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने कहा था कि डील पर 99% बातचीत पूरी हो गई है। वहीं अब भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने भी कह दिया है कि इंडिया यूएस डील में सिर्फ 1% मुद्दों को हल करने पर बात चल रही है। कुछ हफ्तों में ही ये समझौता पूरा हो सकता है।
एक छोटा सा मुद्दा ही बचा
सिटी के 2026 इंडिया कॉन्फ्रेंस में बोलते हुए सर्जियो गोर से बुधवार को कहा कि भारत अमेरिका दोनों देश अब बाकी बचे 1 फीसदी अड़चन वाले मुद्दे को हल करने के लिए काम कर रहे हैं। दोनों ही अपने प्रस्तावित व्यापार समझौते को अंतिम रुप देने के बेहद करीब हैं। सिर्फ एक छोटा सा मुद्दा ही सुलझना बाकी रह गया है। उन्होंने उम्मीद जाहिर करते हुए कहा कि अगले कुछ हफ्तों के भीतर के इस समझौते को पूरा कर लिया जाएगा।
दिल्ली में जारी है बैठक
अमेरिकी राजदूत गोर की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जबकि दोनों देशों के टॉप वार्ताकार प्रस्तावित अंतरिम व्यापार समझौते के ड्राफ्ट को अंतिम रुप देने के लिए नई दिल्ली में तीन दिवसीय बैठक में चर्चा कर रहे हैं। अमेरिकी टीम का नेतृत्व मुख्य वार्ताकार ब्रेंडन लिंच कर रहे हैं जबकि भारत के मुख्य वार्ताकार वाणिज्य विभाग के अतिरिक्त सचिव दर्पण जैन है।
सर्जियो गौर ने कहा कि भारत-यूएस समझौते पर चर्चा के लिए अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधिमंडल वर्तमान में भारत में है। समझौते का व्यापार ढांचा पहले से तैयार था। अब वार्ताकार समझौते पर अधिकारिक रुप से हस्ताक्षर होने से पहले शेष एक फीसदी बचे मुद्दों को हल करने पर फोकस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमें पूरी उम्मीद है कि इस काम को पूरा होने में सालों में नहीं लगेंगे बल्कि कुछ हफ्तों में पूरा हो जाएगा।
पीयूष गोयल ने भी दिए थे संकेत
गोर से पहले केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने भी कुछ ऐसा ही बयान बारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर दिया था। उन्होंने इस हफ्ते की शुरुआत में कहा था कि भारत और अमेरिका अपने प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते के पहले चरण को अंतिम रुप देने के करीब हैं और 99% बातचीत पूरी हो चुकी है जबकि छोटी-मोटी समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। उन्होंने आगे कहा था कि भारत बहुत जल्द अमेरिका के साथ पहले बीटीए पर साइन करेगा।
ट्रंप के टैरिफ प्लान पर भी दिया बयान
एक ओर जहां भारत-अमेरिकी ट्रेड डील को पूरा करने के लिए बातचीत का दौर जारी है तो वहीं दूसरी ओर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नए टैरिफ प्लान से चिंता बढ़ी नजर आई है। दरअसल, रिपोर्ट्स के मुताबिक, ट्रंप प्रशासन ने भारत और चीन समेत कई देशों पर 12.5% को अतिरिक्त टैरिफ लगाने का प्रस्ताव दिया है। इन प्रस्तावित टैरिफ को लेकर पैदा हुआ चिंताओं को दूर करते हुए सर्जियो गोर ने कहा कि ये विशेष रुप से भारत को टारगेट नहीं करते हैं।
