चंडीगढ़: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी सम्बन्ध में रक्षा सेवाएं कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत ने आज चंडीगढ़ में विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर पूर्व सैनिकों से संबंधित मामलों की प्रगति का जायजा लिया।

पंजाब सरकार द्वारा पूर्व सैनिकों के कल्याण के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा करते हुए कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूर्व सैनिकों से संबंधित सभी मामलों का समयबद्ध ढंग से निपटारा सुनिश्चित किया जाए।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पूर्व सैनिकों ने देश की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित किया है और उनकी समस्याओं का समाधान करना सरकार की प्रमुख प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूर्व सैनिकों के लिए चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।