चंडीगढ़: बागवानी मंत्री मोहिंदर भगत ने चंडीगढ़ में पंजाब कोल्ड स्टोरेज मालिक एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के साथ अहम बैठक की। बैठक के दौरान कोल्ड स्टोरेज क्षेत्र से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। एसोसिएशन द्वारा रखी गई मांगों को ध्यानपूर्वक सुनते हुए भगत ने कहा कि प्रदेश में बागवानी को बढ़ावा देने तथा किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए हर जायज मांग का समाधान किया जाएगा।

बैठक के दौरान एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने कृषि एवं बागवानी उत्पादों के उचित संरक्षण में कोल्ड स्टोरेज की महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में जानकारी दी और इन इकाइयों से संबंधित विभिन्न मुद्दों को बागवानी मंत्री के ध्यान में लाया।
मोहिंदर भगत ने कहा कि कोल्ड स्टोरेज कृषि एवं बागवानी उत्पादों के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ये सुविधाएं किसानों की उपज को सुरक्षित रखने के साथ-साथ फसलों में कटाई के बाद होने वाले नुकसान को कम करने में भी सहायक होती हैं। उन्होंने कहा कि कृषि एवं बागवानी से जुड़े कोल्ड स्टोरेज के बुनियादी ढांचे को मजबूत करना आवश्यक है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि एसोसिएशन की मांगों पर संबंधित विभागों के साथ विचार-विमर्श किया जाएगा और नियमों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
