हमीरपुरः बरात लेकर जा रहे दूल्हे की गाड़ी पर दबंगों ने बीच रास्ते हमला कर दिया। आरोप है कि आधा दर्जन से अधिक लोगों ने दूल्हे की गाड़ी रोककर उसमें तोड़फोड़ की और उसे बाहर निकालकर लाठी-डंडों से पीटा। हमलावरों ने मुंह बांधे हुए थे। जिसका वीडियो इंटरनेट मीडिया में प्रचलित हो रहा है। वीडियो में करीब 20 सेकेंड में 15 लोगों ने 100 से ज्यादा लाठियां बरसाईं। दूल्हे की पिटाई के साथ आरोपियों ने कार में भी तोड़फोड़ कर दी। इस दौरान लोगों की भीड़ लग गई, लेकिन किसी ने बीच बचाव करने की जहमत नहीं उठाई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच शुरू करते हुए घायल दूल्हे को भर्ती करवाया है। फिर कई घंटों बाद बारात रवाना की गई। जानकारी के अनुसार, मझगवां थाना क्षेत्र के झिन्ना वीरा गांव के रहने वाले मुन्नीलाल की बारात बांदा जिले के इम्लौर गांव जा रही थी। दूल्हा मुन्नीलाल खेती-किसानी करता है। वह सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार से निकले थे। कार में उनके भाई जगदेव राजपूत, मूरत राजपूत, भांजी रूपाली (17) और जगदेव के दो बच्चे गगन (6) व अमृता (4) भी सवार थे।
बारात गांव से करीब 30 किलोमीटर दूर बसेला बस स्टैंड के पास पहुंची थी। तभी पहले से घात लगाए बैठे करीब 15 लोगों ने कार को घेर लिया। परिवार के लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही आरोपियों ने लाठी-डंडों और तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में दूल्हा मुन्नीलाल के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। उनके बड़े भाई जगदेव राजपूत भी गंभीर रूप से घायल हो गए। रूपाली, गगन और अमृता को भी चोट लगी है। दबंगों ने कार में भी जमकर तोड़फोड़ की और उसे पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। राठ के सीओ राजीव प्रताप सिंह ने बताया कि दूल्हे के साथ मार पीट करने के मामले में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुरानी रंजिश के कारण युवक के साथ मारपीट की गई है।
