चंडीगढ़ः सेक्टर-42 स्थित गर्ल्स कॉलेज के सामने महिला को गोली मार दी गई। घायल महिला की पहचान मनविंदर कौर के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार महिला अदालत के आदेश पर अपने मकान का कब्जा लेने पहुंची थीं। कब्जा दिलाने की कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम भी मौके पर मौजूद थी। इसी दौरान मकान पर कब्जा किए बैठे एक वकील ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से पुलिसकर्मियों के सामने ही फायरिंग कर दी। गोली मनविंदर कौर को लगी, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वहीं घटना के तुरंत बाद पुलिस ने आरोपी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के कारणों और फायरिंग की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। कोर्ट के आदेश के बावजूद हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। डीएसपी धीरज ने बताया कि जिस मकान पर एडवोकेट जेपीएस चड्ढा का कब्जा था, वह पहले किराए पर लिया गया था। शनिवार को मकान की मालकिन मनजिंदर कौर कोर्ट के आदेश पर अपना कब्जा लेने पहुंची थीं। उनके साथ कोर्ट का एक सदस्य और चंडीगढ़ पुलिस के जवान भी मौजूद थे।
डीएसपी के अनुसार, कोर्ट के आदेश के तहत मकान का ताला तोड़कर मालिक को कब्जा दिलाया जाना था। जब ताला तोड़ने के बाद मनजिंदर कौर घर के अंदर जाने लगीं, तभी पीछे की खिड़की से एडवोकेट जेपीएस चड्ढा ने उन पर गोली चला दी। गोली उनके सिर में लगी। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने आरोपी एडवोकेट जेपीएस चड्ढा को मौके से गिरफ्तार कर लिया। घायल मनजिंदर कौर को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
