बंगाणा,सुशील पंडित: अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय महाविद्यालय, बंगाणा में बीबीए एवं बीसीए के नवप्रवेशी विद्यार्थियों के स्वागत एवं उन्हें महाविद्यालय के शैक्षणिक एवं अनुशासित वातावरण से परिचित कराने के उद्देश्य से ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत इंडक्शन सेशन से हुई, जिसमें विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, नियमों, उपलब्ध सुविधाओं, परीक्षा प्रणाली तथा विभिन्न सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान एनसीसी कैडेट तन्वी ने एनसीसी के उद्देश्यों, लाभों तथा व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता और अनुशासन निर्माण में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। प्रो. अनिल शर्मा ने विद्यार्थियों को महाविद्यालय के नियमों, अनुशासन, नियमित उपस्थिति तथा जिम्मेदार विद्यार्थी जीवन के महत्व से अवगत कराया। प्रो. किरण ठाकुर ने सड़क सुरक्षा पर जागरूकता सत्र आयोजित करते हुए यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित वाहन चलाने का संदेश दिया। वहीं, सहायक पुस्तकालयाध्यक्ष सुदर्शना कुमारी ने विद्यार्थियों को डिजिटल लाइब्रेरी की सुविधाओं तथा ई-लर्निंग संसाधनों के प्रभावी उपयोग की जानकारी प्रदान की।
महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. रेखा शर्मा ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें अध्ययन के प्रति समर्पित रहने, अनुशासन बनाए रखने तथा शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेल एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए उत्कृष्ट अवसर प्रदान करता है और प्रत्येक विद्यार्थी को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए उपलब्ध मंचों का पूरा लाभ उठाना चाहिए।
इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी प्राध्यापक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा उनकी शैक्षणिक यात्रा में हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
