जालंधर, ENS: पंजाब सरकारी की ओर से नशे के खिलाफ चलाए गए अभियान के तहत लगातार तस्करों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। लेकिन उसके बावजूद कुछ लोग सरेआम नशा बेच रहे है। ऐसा ही एक वीडियो करतापुर के गांव नाहरपुर से सामने आया है, जिसकी वीडियो काफी वायरल हो रही है। वायरल वीडियो में महिला द्वारा सरेआम नशा कांटे पर तौलकर बेचा जा रहा है। बताया जा रहा हैकि महिला गांव की सरपंच की बेटी है और महिला का नाम परमजीत कौर पम्मी है।
इस मामले को लेकर थाना प्रभारी से बात की गई तो वह कुछ भी बोलने से गुरेज करते रहे। वहीं एसएसपी हरविंदर विर्क से मामले को लेकर बात की गई तो उनका कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द जांच के बाद पर्चा दर्ज किया जाएगा। बता दें कि पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने राज्य सरकार की ‘युद्ध नशे दे विरुद्ध’ पहल के तहत पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश में कहा है कि वे 31 मई, 2025 तक अपने-अपने क्षेत्रों को नशा मुक्त बनाने की व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदारी लें।
उन्होंने पंजाब के सभी वरिष्ठ एसएसपी और पुलिस कमिश्नर को नशे को लेकर निर्देश जारी किए है। उन्हें यह भी निर्देश दिया गया है कि वे ड्रग की समस्या को कैसे खत्म करेंगे इसकी प्लानिंग को लेकर पुलिस हेडक्वार्टर में प्रजेंटेशन दें। पुलिस अधिकारियों को बताना होगा कि ड्रग नेटवर्क को खत्म करने के लिए उनके द्वारा कौन से कदम उठाए जा रहे हैं।
