जालंधर, ENS: वेस्ट हलके में 120 फुटी रोड पर स्थित दमन गैस एजेंसी को लेकर लोगों द्वारा प्रदर्शन किया जा रहा है। गैस एजेंसी पर ताला लगने के बाद लोगों में रोष पाया जा रहा है और लोगों ने सड़क जाम करके प्रदर्शन करना शुरू कर दिया है। लोगों का आरोप है कि वह गैस बुकिंग भी करवा चुके है, लेकिन गैस एजेंसी द्वारा उन्हें समय पर सिलेंडर नहीं मिल रहा है। वहीं आज एजेंसी द्वारा दफ्तर पर ताला जड़ दिया गया है। ऐसे में भीषण गर्मी में वह लगातार सिलेंडर लेने को लेकर एजेंसी में चक्कर काट रहे है, लेकिन कोई हल नहीं निकल रहा।
मामले की जानकारी देते हुए एजेंसी के ग्राहक प्रदीप कुमार ने कहाकि उन्होंने नियमों के मुताबिक सिलेंडर बुक करवाया था, 25 दिन के बाद एक सप्ताह अधिक होने पर उन्होंने एजेंसी के कर्मी से बात की तो कर्मी ने उन्हें बताया कि अभी सिलेंडर की गाड़ियां नहीं आई है और 2 से 3 दिन का समय लग सकता है। प्रदीप ने कहाकि इस मामले को लेकर 15 दिन बीत गए और एजेंसी के कर्मी द्वारा फोन नहीं उठाया जा रहा। जिसके बाद वह दफ्तर पहुंचे तो देखा कि दफ्तर पर ताला लगा हुआ है। प्रदीप ने कहा कि वह फुटबॉल सीलकर गुजारा कर रहे है, लेकिन उन्हें सिलेंडर लेने के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं महिला सीमा ने कहाकि सिलेंडर ना मिलने से परेशान है। 25 दिन बीत जाने के बाद भी सिलेंडर नहीं मिल रहा। महिला कर्मियों पर गलत व्यवहार करने के आरोप लगाए गए। महिला ने कहा कि एक महीने से अधिक समय हो गया है, दफ्तर के कर्मियों द्वारा फोन नहीं उठाया जा रहा। आज दफ्तर आकर देखा कि ताले लगे हुए है। महिला ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र हालातों को ठीक बता रही है, लेकिन सड़कों पर केंद्र के नेता आकर देखे कि सिलेंडर को लेकर लोगों को भारी किल्लत का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं रोड जाम को लेकर वाहन चालकों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दरअसल, लोगों द्वारा रास्ते को बंद कर दिया गया। इस दौरान वाहन चालक और प्रदर्शनकारियों में तीखी नोक-झोक देखने को मिली है। वहीं एक अन्य राहगीर कार चालक द्वारा धरना लगा रहे लोगों का विरोध किया गया। हंगामे की सूचना मिलते ही बस्ती बाबा खेल के एसएचओ जतिंदर सिंह पुलिस बल के साथ 120 फुटी रोड पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर सड़क से हटाया। एसएचओ ने कहा कि उन्होंने गैस एजेंसी के अधिकारियों से बात की है और जल्द ही सप्लाई बहाल करवाकर लोगों की समस्या का समाधान किया जाएगा।
