जालंधर, ENS: महानगर के तेजमोहन नगर इलाके में गुंडागर्दी का नंगा नाच देर रात देखने को मिला। जहां पुरानी रंजिश के चलते एक घर पर दर्जनों हमलावरों ने तेजधार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने घर के अंदर घुसकर जमकर तोड़फोड़ की, जिसमें खिड़की-दरवाजों के शीशे और एलसीडी तक तोड़ दिए गए। घटना की सूचना मिलते ही पीसीआर पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई है और मामले की जांच में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित पक्ष और हमलावर पहले कभी एक साथ ही रहा करते थे। लेकिन किसी पुरानी बात को लेकर उनके बीच विवाद चल रहा था। पीड़ित ने बताया कि सुबह उसके तीन दोस्तों को किसी काम के लिए बुलाया गया था। इसके बाद लगातार कई फोन कॉल्स आए, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि अचानक 12 से अधिक युवक तेजधार हथियारों से लैस होकर आए और उनके घर पर धावा बोल दिया। हमलावरों ने घर के बाहर और अंदर जमकर गुंडागर्दी की। घर के भीतर रखे कीमती सामान, कांच और एलसीडी को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया गया, जिसके निशान पूरे घर में बिखरे पड़े हैं।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पीड़ितों ने पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पीसीआर टीम ने स्थिति का जायजा लिया है। पीड़ित पक्ष का कहना है कि वे इस मामले की लिखित शिकायत पुलिस थाने में दर्ज करवा रहे हैं। पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
