फिरोजपुरः जीरा मखू रोड पर कचहरियों के पास दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जहां एक्टिवा और बस के बीच आमने-सामने टक्कर के दौरान एक्टिवा सवार की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान गुरमेल सिंह के रूप में हुई है। हादसे की तस्वीरें काफी दिल दहलाने वाली सामने आई हैं। लोगों द्वारा घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। मिली जानकारी के अनुसार जीरा मखू रोड पर एक प्राइवेट कंपनी की दीप बस ने एक्टिवा को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि एक्टिवा सवार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके लोगों में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए।
थाना जीरा के एसएचओ जसविंदर सिंह बराड़ पुलिस पार्टी सहित मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि बस तेज रफ्तार में थी, जिसके कारण यह हादसा हुआ है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे उनके अनुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने परिजनों के बयानों पर मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस दौरान लोगों ने आरोप लगाए है कि पुलिस अन्य वाहनों के चालान काटती है, लेकिन बसों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करती। यही कारण है कि तेज रफ्तार बस हादसे में आज व्यक्ति की मौत हो गई।

