जालंधर, ENS: थाना 1 के अधीन आते इंडस्ट्री एरिया में फैक्टरी में देर रात आग लग गई। मिली जानकारी के अनुसार देर रात 2 बजे अनमोल रबड़ फैक्टरी में आग लगी थी। घटना में देखते ही देखते आग ने भीषण रूप धारण कर लिया। घटना को लेकर कर्मियों में हड़कंप मच गया, जिसके बाद कर्मियों ने दमकल विभाग को सूचना दी। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद दमकल विभाग की 3 गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया। घटना की वीडियो भी सामने आई है, जिसमें आग की लपटें दिखाई दे रही है।
वहीं मामले की जानकारी देते हुए दमकल विभाग के अधिकारी नरेश कुमार ने बताया कि उन्हें देर रात अनमोल रबड़ फैक्टरी में आग लगने की सूचना मिली थी। जिसके बाद तुरंत घटना स्थल पर 3 गाड़ियां लेकर पहुंचे। आग भीषण होने के कारण फॉम डालकर 3.30 बजे आग पर काबू पाया गया। दमकल विभाग के अधिकारी ने कहा कि घटना के दौरान फैक्टरी में सेफ्टी को लेकर कोई सुरक्षा प्रबंध नहीं थे, जिसको लेकर उच्च अधिकारियों को अवगत करवा दिया गया है। इस घटना में फैक्टरी का लाखों का सामान जलकर राख हो गया है।
