जालंधर, ENS: बीएसएफ चौक के पास हुए एक्टिवा ब्लास्ट मामले में सुरक्षा एजेंसियों ने जालंधर के मोगा की तरफ से एक आतंकी को गिरफ्तार किया है। उससे हैंड ग्रेनेड और इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) बरामद हुई है। गिरफ्तारी ऐसे समय में हुई, जब सीएम भगवंत मान का शहर में कार्यक्रम था। हालांकि पुलिस द्वारा आरोपी की अरेस्ट का कोई फोटो-वीडियो जारी नहीं किया गया है।
ये दावा सीएम के जालंधर दौरे से ऐन मौके पर किया गया है। आरोपी की पहचान नवांशहर के बंगा निवासी दविंदर सिंह के रूप में हुई है। उसे आर्मी एरिया के बेहद करीब क्षेत्र से पकड़ा गया है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, दविंदर पाक खुफिया एजेंसी आईएसआई के इशारे पर बम धमाकों की साजिश को अंजाम देने पहुंचा था। पूछताछ में उसने कबूल किया है कि उसे विस्फोटक सामग्री और ग्रेनेड ड्रोन के जरिए सप्लाई किए गए थे।
हालांकि दविंदर बार-बार यही दावा कर रहा है कि उसे केवल डिलीवरी मिली थी और टारगेट की जानकारी नहीं दी गई थी। एजेंसियों का मानना है कि वह कई अहम जानकारियां छिपा रहा है। जांच में सामने आया है कि फरवरी में फगवाड़ा बस अड्डे के पास हुए बम धमाके में भी उसका हाथ था। 1 अप्रैल को चंडीगढ़ स्थित पंजाब बीजेपी मुख्यालय पर फेंके हैंड ग्रेनेड की सप्लाई भी उसी ने की थी। एजेंसियों को दविंदर के तार पुर्तगाल व जर्मनी में बैठे हैंडलर्स से जुड़े मिले हैं। ब्लास्ट मामले में पंजाब पुलिस ने दिल्ली में एक संदिग्ध को राउंडअप किया है।
