जालंधरः थाना 7 की पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध शराब सहित 4 तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान चैरी पुत्र कमलजीत सिंह निवासी अमृतसर, इशू पुत्र अशोक कुमार निवासी कृष्णा नगर, अश्विनी कुमार पुत्र विक्की कुमार निवासी बाल्मिकी मोहल्ला करार खां, गगनदीप पुत्र त्रिलोक चंद हरिपुर मोहल्ला अमृतसर, राम उर्फ़ बबलू पुत्र राम पाल निवासी हरगोबिंद नगर, जालंधर के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, संघा चौक के पास नाकेबंदी के दौरान टीम को सूचना मिली थी कि चैरी नाम का व्यक्ति बैंक एन्क्लेव के मकान नंबर-7 से अवैध शराब का कारोबार करता है। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की और स्कॉर्पियो गाड़ी (PB 65 BG 2591) से 42 पेटी अवैध शराब बरामद की। पुलिस अधिकारी के अनुसार, आरोपी चैरी ने बैंक एन्क्लेव में मकान किराए पर लिया हुआ था। वह इसी मकान से अवैध शराब का कारोबार चला रहा था।
पुलिस के अनुसार, इससे एक दिन पहले भी एक तस्कर को 50 पेटी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया था कि वह जालंधर के एक शराब ठेकेदार से शराब लेकर आया था। इसके बाद पुलिस ने संबंधित शराब ठेकेदार को भी मामले में नामजद किया था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि बीती रात बरामद की गई 42 पेटी शराब के संबंध में पूछताछ के दौरान फ्रेंड्स वाइन का नाम सामने आया। आरोपियों ने बताया कि उन्हें यह शराब फ्रेंड्स वाइन से मिली थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।