जालंधर, ENS: शहर के वार्ड नंबर 23 की पार्षद परमजीत कौर के पति हरपाल सिंह मिंटू पर राजीनामा के दौरान चार से पांच युवकों ने तेजधार हथियारों और चाकुओं से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में हरपाल सिंह मिंटू गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें ईलाज के लिए तुरंत लोगों ने निजी अस्पताल में दाखिल करवाया। घटना की सूचना मिलते ही थाना रामामंडी की पुलिस टीम और उच्च अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे।
घटनास्थल पर पहुंचे आम आदमीं पार्टी सेंट्रल हल्का इंचार्ज नितिन कोहली ने बताया कि हरपाल सिंह मिंटू अपने दफ्तर में दो पक्षों का राजीनामा करवा रहे थे। इस दौरान एक पक्ष के युवक उन्हें बातों में उलझा कर साथ ले गए और बाद में उन्होंने मिंटू पर तेजधार हथियार चाकू से हमला कर दिया। हमले के दौरान हरपाल मिंटू गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए नजदीक की अस्पताल में पहुंचाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू कर दिया है और वह आईसीयू वार्ड में भर्ती है। उन्होंने हादसे की सूचना संबंधित थाने की पुलिस को दे दी है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
डीसीपी आदित्य एस. वारियर ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी थी। डॉक्टरों के अनुसार, पार्षद पति को समय पर इलाज मिलने के कारण अब वे खतरे से बाहर हैं। घटना की जांच के दौरान पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगों के बयानों के आधार पर दो मुख्य आरोपियों राजू भईया और शामा लाहौरिया समेत कुल चार हमलावरों की पहचान कर ली गई है। पुलिस ने बीएनएस की धारा 109, 190, 191 और आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत केस दर्ज कर लिया है। शुरुआती जांच में हमला पुरानी रंजिश और आपसी विवाद के कारण किए जाने की बात सामने आ रही है। पुलिस टीमों का गठन कर दिया गया है और फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
