जालंधर, ENS: शहर में लगातार गोलियां चलने के मामले सामने आ रहे हैं। बीते दिन हुई वारदात को 24 घंटे का समय हुआ ही था तो एक और गोली चलने का मामला सामने आ गया है। यह मामला बस्ती बाबा के कटरा मोहल्ला में सामने आया है। जहां स्विफ्ट कर में आए पांच युवकों ने घर के बाहर युवक को घेर कर पहले तो उसके साथ मारपीट की और बाद में हवाई फायर करके मौके से फरार हो गए। मौके पर पहुंची थाना बस्ती बावा खेल की पुलिस ने क्राइम सीन से एक खोल बरामद किया है।
वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। थाना बस्ती बावा खेल की पुलिस ने गैंगस्टर प्रिंस बाबा और आकाश सहित उसके साथ बब्बू, विशाल दुबे व गोपी सहित अन्य अज्ञात के खिलाफ शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई शिकायत में मखदूमपुरा के रहने वाले दविंदर बिल्ला ने बताया कि उसका पुश्तैनी घर कटहिरा मोहल्ला में है। जहां वह अपने परिवार के सदस्य की मौत पर अफसोस जताने पहुंचा था। देर रात वह अपने घर के बाहर खड़ा होकर रिश्तेदारों से बात कर रहा था। तभी पीछे से ग्रे रंग की स्विफ्ट कार उसके पास रुकी। उसमें से 5 युवक निकले और उन्होंने टांगों पर मुक्के मारने शुरू कर दिए।
परिजनों ने विरोध किया तो हमलावरों ने पिस्टल निकाल ली। इसी बीच प्रिंस बाबा ने एक गोली हवा में चला दी। आरोपियों ने जब दूसरी गोली चलाई तो वह पिस्टल में फंस गई। जिसके बाद तीसरे साथी ने अपना रिवॉल्वर निकालकर हवाई फायर किया। दविंदर ने आरोप लगाया है कि घटना की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को देने के बावजूद बस्ती बावा खेल की पुलिस एक घंटे बाद मौके पर पहुंची। इस मामले में एसीपी वेस्ट ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे हैं। घटना स्थल से एक खोल बरामद किया है। जांच के बाद अगली कार्रवाई की जाएगी।

