ऊना/ सुशील पंडित: पुलिस थाना सदर ऊना के अन्तर्गत प्रसिद्ध धार्मिक स्थल पीरनिगाह में कुरूक्षेत्र हरियाणा से आए श्रद्धालुओं का ट्रक पलट गया जिसमें 13 श्रद्धालु घायल हो गए। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को दी शिकायत में संजय पुत्र राजू निवासी गांधी नगर पेहोवा जिला कुरुक्षेत्र हरियाणा ने बताया कि बीती रात करीब 11 बजे यह व अन्य श्रद्धालु कैंटर/ट्रक संख्या (एच आर 45 वी-1564) में सवार होकर पीरनिगाह में माथा टेकने पहुंचे थे। ट्रक को साहिब सिंह पुत्र निशान सिंह निवासी झांसा सड़क सिटी थानेसर जिला कुरुक्षेत्र हरियाणा चला रहा था।
जब वह पीरनिगाह में माथा टेकने के बाद वापस निकले तो ट्रक कैंटर चालक ने पीर निगाह की उतराई के एक मोड़ पर ट्रक को तेज रफ्तारी व लापरवाही से काटा तथा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क के दूसरी तरफ खाई की ओर पलट गया । जिससे ट्रक/कैंटर के पीछे बाडी में बैठी सवारियां खाई में गिर गईं। इस हादसे में कैंटर ड्राईवर सहित 13 श्रद्धालु घायल हो हुए हैं जिन्हें क्षेत्रीय अस्पताल ऊना लाया गया जिनमें 9 लोगों का क्षेत्रिय अस्पताल ऊना में जबकि 4 घायलों को पीजीआई चंडीगढ़ रैफर किया गया है। वहीं शिकायत के आधार पर कैंटर चालक खिलाफ वीएनएस व मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के अन्तर्गत पुलिस थाना सदर ऊना में मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
