गुरुग्राम: हरियाणा के गुरुग्राम के सेक्टर-69 में लिव-इन में रह रही एक 19 साल की छात्रा के साथ उसके पार्टनर द्वारा कथित रूप से मारपीट और गंभीर अत्याचार करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भोंडसी जेल भेज दिया गया। घायल छात्रा का इलाज AIIMS New Delhi में चल रहा है और उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
लिव-इन रिलेशन में रह रहे थे दोनों
पीड़िता मूल रूप से त्रिपुरा की रहने वाली है और गुरुग्राम के सेक्टर-69 में एक पीजी में दिल्ली के रहने वाले शिवम के साथ आपसी सहमति से लिव-इन रिलेशन में रह रही थी। दोनों के परिवारों के बीच शादी को लेकर भी बातचीत चल रही थी। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों सितंबर 2025 से एक-दूसरे को जानते थे और काफी समय से संपर्क में थे।
चरित्र पर शक को लेकर हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि गुरुवार को आरोपी को छात्रा के चरित्र पर शक हुआ, जिसके कारण दोनों के बीच झगड़ा शुरू हो गया। यह विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने छात्रा के साथ बेरहमी से मारपीट की। मारपीट में छात्रा के मुंह, हाथ और पैरों पर गंभीर चोटें आईं। इसके बाद पीड़िता की मां ने मामले की शिकायत पुलिस को दी।
सैनिटाइजर डालकर जलाने का आरोप
पीड़िता और उसके परिवार ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने छात्रा के शरीर पर सैनिटाइजर डालकर उसके प्राइवेट पार्ट्स में आग लगा दी और इस दौरान वीडियो भी बनाया। एफआईआर के अनुसार आरोपी शादी का झांसा देकर पीड़िता के साथ शारीरिक संबंध बना रहा था और लगातार उसके साथ हिंसा करता था।
मेडिकल जांच में दुष्कर्म की पुष्टि का दावा
पीड़िता की वकील रीना राय ने बताया कि मेडिकल जांच में दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। उन्होंने कहा कि आरोपी छात्रा को लगातार प्रताड़ित कर रहा था और उसे कमरे से बाहर भी नहीं जाने देता था। किसी तरह पीड़िता ने अपने माता-पिता को फोन किया, जिसके बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया। वकील के अनुसार यह मामला हत्या की कोशिश जैसा गंभीर है।
आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार पीड़िता के परिवार की शिकायत पर आरोपी शिवम के खिलाफ दुष्कर्म सहित कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। आरोपी दिल्ली के नरेला का रहने वाला है। गुरुग्राम पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया और पूछताछ के दौरान उसने हमला करने की बात स्वीकार की।
पुलिस का आया बयान
पुलिस अधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि शुरुआती मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर धाराएं लगाई गई हैं। डॉक्टरों की अंतिम रिपोर्ट आने के बाद जरूरत पड़ने पर और भी धाराएं जोड़ी जाएंगी। पुलिस सबूत इकट्ठा कर रही है और जल्द ही अदालत में चालान पेश किया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपी को सख्त सजा दिलाने की कोशिश की जाएगी।
