पंचकूलाः पंचकूला पुलिस की क्राइम ब्रांच सेक्टर-26 ने अंतरराज्यीय हेरोइन तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए फाजिल्का जिले के रहने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान महिन्द्र सिंह उर्फ मिन्दी, जसविन्द्र सिंह उर्फ छिन्दी तथा राकेश उर्फ अरमान उर्फ रमेश के रुप में हुई है। इन तीनों को 3 किलो 89 ग्राम हेरोइन और भारी मात्रा में ड्रग्स मनी बरामदगी से जुड़े एनडीपीएस एक्ट के मामले में गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में अब तक कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज के अनुसार 5 अप्रैल 2026 को क्राइम ब्रांच सेक्टर-26 की टीम ने इन्चार्ज इंस्पेक्टर दलीप सिंह के नेतृत्व में गुप्त सूचना के आधार पर सेक्टर-20 पंचकूला स्थित श्मशान घाट के समीप लवजोत सिंह उर्फ लव निवासी जलालाबाद, जिला फाजिल्का (पंजाब) को गिरफ्तार किया था। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 6 पैकेटों में कुल 3 किलो 89 ग्राम हेरोइन, दो मोबाइल फोन तथा 14 लाख रुपये की ड्रग्स मनी बरामद हुई थी। बाद में आरोपी के खुलासे पर चंडीगढ़ स्थित उसके किराये के मकान से हेरोइन बिक्री से कमाए गए एक लाख रुपये अतिरिक्त बरामद किए गए थे।
गहन पूछताछ और तकनीकी जांच के दौरान पुलिस को हेरोइन सप्लाई चेन से जुड़े अन्य आरोपियों के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिले। इसी दौरान 13 अप्रैल 2026 को अशोक कुमार उर्फ शोकु को गिरफ्तार किया गया था। आगे की जांच में गिरफ्तार आरोपियों के खुलासों के आधार पर पंजाब में सक्रिय हेरोइन सप्लायर नेटवर्क का खुलासा हुआ।
पुलिस ने 23 मई 2026 को गुप्त सूचना के आधार पर अमृतसर-जालंधर रोड के निकट ब्यास क्षेत्र में दबिश देकर महिन्द्र सिंह उर्फ मिन्दी, जसविन्द्र सिंह उर्फ छिन्दी तथा राकेश उर्फ अरमान उर्फ रमेश को गिरफ्तार किया। आरोपियों से पूछताछ के बाद उन्हें अदालत में पेश कर 8 दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया। रिमांड अवधि के दौरान आरोपियों से पूछताछ की गई।
मामले की जांच लगातार जारी है तथा तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी गहनता से जांच की जा रही है। आज तीनों आरोपियों का पुलिस रिमांड समाप्त होने पर अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत भेज दिया गया है।

