ऊना/सुशील पंडित: भारतीय जनता पार्टी के संगठन पर्व 2024-25 के तहत नवनियुक्त मंडलाध्यक्ष अजय ठाकुर (दौलतपुर चौक मंडल) और नितिन नंबरदार (गगरेट मंडल) का जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। विशेषकर अम्बोटा और चलेट में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनता ने हर्षोल्लास के साथ दोनों नेताओं का अभिनंदन किया।
इस मौके पर पूर्व विधायक चैतन्य शर्मा सहित भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम को और अधिक गरिमामय बनाया।दौलतपुर चौक मंडल के अध्यक्ष अजय ठाकुर का चलेट में भव्य स्वागत हुआ। अजय ठाकुर ने पहले मंडल भाजयुमो अध्यक्ष और मंडल महासचिव जैसे पदों पर अपनी सेवाएं दी हैं।
सर्वसम्मति से बने
गगरेट मंडल के अध्यक्ष नितिन नंबरदार का अम्बोटा में भव्य स्वागत हुआ। पिछले 12 वर्षों से भाजपा में सक्रिय नितिन नंबरदार ने पार्टी के विभिन्न दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है। उनके पिता पवन नंबरदार भी भाजपा मंडल अध्यक्ष रह चुके हैं और कांगड़ा बैंक के निदेशक हैं। नितिन नंबरदार का सर्वसम्मति से निर्वाचन उनकी लोकप्रियता और संगठन के प्रति समर्पण को दर्शाता है।
अम्बोटा और चलेट में दिखा जोश और समर्थन
अम्बोटा और चलेट में आयोजित स्वागत समारोहों में सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए। फूल मालाओं, जयघोष, और गुलदस्तों के साथ दोनों नेताओं का स्वागत किया गया। स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कहा कि अजय ठाकुर और नितिन नंबरदार के नेतृत्व में पार्टी नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगी।
पूर्व विधायकों और भाजपा नेतृत्व का आभार
इस अवसर पर दोनों मंडलाध्यक्षों ने पार्टी नेतृत्व और स्थानीय वरिष्ठ नेताओं का आभार जताया। उन्होंने विशेष रूप से पूर्व विधायक चैतन्य शर्मा, पूर्व विधायक राजेश ठाकुर, जिला पार्षद सुशील कालिया, और भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को धन्यवाद दिया। अजय ठाकुर ने कहा, “मैं पार्टी नेतृत्व का आभारी हूं, जिसने मुझ पर विश्वास जताया। मैं अपने मंडल के हर कार्यकर्ता को साथ लेकर संगठन को मजबूत बनाने के लिए काम करूंगा।” नितिन नंबरदार ने कहा, “यह मेरे लिए गर्व और जिम्मेदारी का क्षण है। मैं पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ पार्टी की सेवा करूंगा।”
दोनों मंडलाध्यक्षों ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और भाजपा की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की भागीदारी और जनता के विश्वास के साथ पार्टी को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा।