अमरोहाः उत्तर प्रदेश से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां व्यक्ति ने प्रेमिका को फोन करके मिलने के लिए बुलाया। जब प्रेमिका मिलने पहुंची तो किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। जिसके बाद औद्योगिक क्षेत्र में पुलिस चौकी से लगभग 800 मीटर की दूरी पर स्थित गेस्ट हाउस के संचालक ने अपनी प्रेमिका के सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। घटना करने के बाद आरोपी स्वयं पुलिस चौकी में पहुंच गया। उसे शक था कि प्रेमिका किसी दूसरे लड़के से बातचीत करती है। इसलिए घटना को अंजाम दिया।
View this post on Instagram
प्रकरण की जानकारी मिलने के बाद पुलिस विभाग के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए। प्रेमिका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बछरायूं थाना क्षेत्र के गांव धनौरी खुर्द निवासी अंकुश हाईवे किनारे पर औद्योगिक क्षेत्र में एक गेस्ट हाउस चलाता है। दो मंजिले गेस्ट हाउस का नाम दा ग्रेट विनायक गेस्ट हाउस एवं रेस्टोरेंट है। गेस्ट हाउस भवन के स्वामी मुहल्ला बस्ती निवासी हरपाल चौहान हैं और दो-तीन साल से अंकुश ने इस भवन को 40 हजार रुपये में किराये पर ले रखा था। यहां पर अनैतिक कार्य होने की भी चर्चा है। गेस्टहाउस संचालक अंकुश का डेढ़-दो साल से हरिद्वार के कनखल क्षेत्र निवासी 20 वर्षीय युवती रौश खुरानी से प्रेम-प्रसंग चल रहा है। अंकुश को शक था कि उसकी प्रेमिका किसी दूसरे लड़के से भी बातचीत करती है।
इसलिए अंकुश ने प्रेमिका को अपने गेस्ट हाउस पर बुलाया। गेस्ट हाउस की दूसरी मंजिल पर बने पहले कमरे में ही रात में दोनों के बीच विवाद भी हुआ। इसके बाद अंकुश ने प्रेमिका के सिर में तमंचे से गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद अंकुश ने 112 डायल पुलिस को सुबह 7: 44 बजे सूचना दी और फिर खुद पास में ही स्थित औद्योगिक पुलिस चौकी पर पहुंच गया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस के होश उड़ गए और तत्काल हत्यारोपित को हिरासत में ले लिया। एएसपी राजीव कुमार ने घटनास्थल पर पहुंचकर जायजा लिया।
युवती के स्वजन को मामले की सूचना दी जा रही है। शव को पोस्टमार्टम भेज दिया गया है। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आनंद ने कहा कि गेस्ट हाउस संचालक ने ही प्रेमिका को गोली मारकर हत्या की है। दोनों के बीच में डेढ़-दो साल पुराना प्रेम-संबंध था लेकिन, हत्यारोपित को शक था कि वह किसी दूसरे व्यक्ति से बात करने लगी है। इसी बात को लेकर पहले दोनों के बीच विवाद हुआ और फिर प्रेमी ने प्रेमिका की हत्या कर दी। हत्यारोपित हिरासत में है। पूछताछ की जा रही है। युवती के स्वतन को बुलाया जा रहा है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज होगी।
