चण्डीगढ़: हरियाणा के सामाजिक न्याय और अधिकारिता, अनुसूचित जाति एवं पिछडे वर्ग कल्याण और अंत्योदय (एस.ई.डब्लयू.ए.) सत्कार, वास्तुकला विभाग के मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने आज अम्बाला शहर में आयोजित जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की मासिक बैठक ली।
कृष्ण कुमार बेदी ने जिला लोक सम्पर्क एवं कष्ट निवारण समिति की मासिक बैठक के दौरान 12 शिकायतों को सुना, जिनमें से 5 का समाधान किया गया और 7 शिकायतों के समाधान के लिए कमेटी का गठन करते हुए अधिकारियों को मामले से सम्बन्धित जांच करने व आगामी बैठक में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याएं सुनना उनकी प्राथमिकता है। कष्ट निवारण समिति की बैठक में जितने भी प्रार्थी पहुंचते है उनकी शिकायतों को विस्तारपूर्वक सुना जाता हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में लोगों की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है।