पालीः खेत की रखवाली करने गए किसान का शव उसके ही खेत में खून से लथपथ हालत में मिलने का मामला सामने आया है। घर नहीं लौटने पर बेटे जब पिता को ढूंढते हुए खेत पहुंचे तो उन्हें पिता की बॉडी खेत में खून से सनी मिली। इस दौरान उनके सिर पर लाठी, रॉड और पत्थर से हमला किए जाने के सबूत भी मिले हैं। सिर फटने से किसान की मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।

जानकारी देते शिवपुरा थानाप्रभारी भंवरलाल ने बताया कि धाकड़ी गांव निवासी चुन्नीलाल (50) पुत्र हीरालाल सीरवी मंगलवार को धीनावास रोड स्थित मिठानिया बेरा क्षेत्र में अपने खेत में बोई फसल की रखवाली के लिए गए थे। चुन्नीलाल शाम 7 बजे तक भी घर नहीं लौटे थे। इसके बाद उनके दोनों बेटे शेराराम और भीकाराम उन्हें लेने खेत पर गए, जहां उनका शव मिला। सिर से लगातार खून बह रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुटी है।
पुलिस जांच में सामने आया कि सिर के पिछले हिस्से में किसी तेजदार हथियार से हमला किया गया है। बड़ा पत्थर मारकर भी हत्या की आशंका जताई जा रही है। सिर पर लाठी, रॉड और पत्थर से हमला किए जाने के सबूत पुलिस को मिले हैं। मृतक की पत्नी सुआदेवी और मां हीरकीदेवी को जैसे ही घटना की जानकारी मिली, उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वहीं इलाके में भी डर का माहौल बन गया है।
