फिरोजाबादः थाना उत्तर क्षेत्र के गोपाल आश्रम के पास अचानक खड़ी कार का दरवाजा अचानक खोलने के दौरान भीषण हादसा हो गया। दरअसल, नौजवान द्वारा गाड़ी का अचानक दरवाजा खोला गया और पीछे से आ रही बाइक की टक्कर हो गई। इससे सिलिंडर लेकर जा रहे बाइक सवार ससुर और दामाद सड़क गिर गए। घटना में घायल दोनों को सरकारी ट्रामा सेंटर ले जाया गया। आगरा में उपचार के दौरान ससुर की मृत्यु हो गई, जबकि उनका दामाद जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है।
शिकोहाबाद क्षेत्र के गांव नगला बिलौटिया, असुआ निवासी 57 वर्षीय हुकुम सिंह गुरुवार सुबह बेटी के घर आए थे। वहां से वह दामाद 30 वर्षीय प्रदीप कुमार निवासी हसनपुर, मटसेना के साथ उत्तर क्षेत्र में जलेसर रोड स्थित गैस एजेंसी पर सिलिंडर लेने आए थे। ससुर-दामाद उसे लेकर बाइक से घर लौट रहे थे। बाइक प्रदीप कुमार चला रहे थे। हुकुम सिंह सिलिंडर लेकर पीछे बैठे थे।
गोपाल आश्रम के पास सड़क के किनारे खड़ी कार का दरवाजा अचानक से खुल गया। दरवाजा बाइक से टकराया। इससे बाइक अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे मिट्टी के ढेर में गिर गई। घटना में दोनों घायल हो गए। प्रदीप हेलमेट पहने थे। उत्तर पुलिस ने घायलों को सरकारी ट्रामा सेंटर भेजा। वहां से दोनों आगरा रेफर कर दिए गए। हुकुम सिंह की मृत्यु हो गई। बेटे प्रमोद कुमार ने बताया कि वह कारखाने में मजदूरी करते थे। इंस्पेक्टर क्राइम राकेश कुमार ने बताया कि कार को कब्जे में लिया गया है। तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
