रुद्रप्रयागः कर्णप्रयाग के बाद रुद्रप्रयाग के नगरासू घोलतीर स्थित गुरुद्वारा दमदमा साहिब में निहंगों ने कब्जा कर रखा है। जानकारी के अनुसार शनिवार को हुई घटना में शामिल निहंग श्रद्धालु 16 जून को कर्णप्रयाग बाजार में एक घटना के बाद गिरफ्तार किए निहंगों को छोड़े जाने की मांग कर रहे थे।
जिसको लेकर वह एक गुरुद्वारे की छत पर चढ़ गए। वहीं रुद्रप्रयाग में इंटरनेट सेवा भी बाधित है। पूरे क्षेत्र में इस दौरान तनाव की स्थिति बनी रही। इलाके में पुलिस फोर्स व आईटीबीपी तैनात है। प्रशासन की निहंगों से वार्ता की कोशिश जारी है।
इस दौरान निहंग गुरुद्वारे के प्रबंधक को भी अपने साथ ले गए और उनके पास भाला, तलवार, कुल्हाड़ी और कृपाण जैसे शस्त्र है। पुलिस ने बताया कि मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है और निहंग श्रद्धालुओं से बात कर उन्हें नीचे आने के लिए मनाने के प्रयास जारी हैं।
शनिवार को पंजाब से आए कुछ निहंग सिखों ने कर्णप्रयाग की घटना में एकतरफा कार्रवाई के विरोध में रविवार को प्रस्तावित धरना प्रदर्शन में शामिल होने के लिए नगरासू गुरुद्वारे के प्रबंधकों से सहयोग की अपील की थी। निहंगो ने अपेक्षा के अनुरूप सहयोग न मिलने पर शनिवार शाम को नगरासू गुरुद्वारे में हंगामा शुरू कर दिया और तोड़फोड़ के बाद प्रबंधक को लेकर गुरुद्वारे की छत पर चढ़े तथा नारेबाजी करने लगे।
