अंबेडकरनगरः शहर में एक दर्दनाक हादसे का मामला सामने आया है जहां, बेकाबू कार ने सड़क पर खड़े लोगों को कुचल दिया जिसमें 2 सगे भाइयों समेत 8 लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बीती रात करीब 12 बजे पहले 2 बाइकों की टक्कर हुई थी, जिसमें दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोग घायलों की मदद के लिए मौके पर पहुंचे और उन्हें अस्पताल पहुंचाने का प्रयास कर रहे थे कि इसी दौरान बेकाबू स्विफ्ट डिजायर कार आई और लोगों को कुचल दिया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने लोगों की मदद से सभी घायलों को सीएचसी जलालपुर पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने 6 लोगों को मृत घोषित कर दिया। 2 घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। बाद में उन्हें टांडा मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।
जानकारी मुताबिक, जलालपुर कोतवाली क्षेत्र में अकबरपुर मार्ग पर अशरफपुर भुवा भट्ठे के पास देर रात करीब 12 बजे 2 मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत में 3 लोग घायल हो गए थे। भिड़ंत में बुलेट सवार कैफी पुत्र हसन निवासी लोरपुर ताजन और स्प्लेंडर सवार सम्मनपुर क्षेत्र के जैनापुर निवासी 2 सगे भाई आदित्य (25) और दिव्यांशु (14) को गंभीर चोटें आईं थी। दोनों भाई जलालपुर शादी समारोह से लौट रहे थे।
चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद 5 लोग मदद के लिए दौड़े। घायलों को उठाकर किनारे ले जाने लगे। तभी एक तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार बेकाबू हो गई और लोगों को कुचलते हुए कुछ दूरी पर एक गड्ढे में पलट गई। हादसे के बाद कार सवार मौके से फरार हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां 8 लोगों की मौत हो गई। इनमें बाइक सवार कैफी, आदित्य और दिव्यांश शामिल हैं। इसके अलावा उनकी मदद के लिए आए कैफी (32), उत्तम कुमार (24), लालचंद (24), राजू गुप्ता (32), साहिल (28) और इंद्रेश (30) को भी डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी डॉ. जयवीर सिंह ने बताया कि सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। मामले में आगामी कार्रवाई जारी है।
