लुधियानाः शहर के टैगोर नगर स्थित हीरो डीएमसी के पास एक्साइज विभाग की टीम ने देर शाम एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब के कारोबार का भंडाफोड़ किया है। विभाग ने घर में छापेमारी कर भारी मात्रा में शराब बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है, जिससे पूछताछ जारी है।
जानकारी देते एक्साइज विभाग के अधिकारी ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि टैगोर नगर के एक रिहायशी इलाके में बड़े स्तर पर अवैध शराब का स्टॉक रखा गया है और यहीं से इसकी सप्लाई की जा रही है। सूचना को पुख्ता करते हुए विभाग की विशेष टीम ने योजनाबद्ध तरीके से देर शाम बताए गए ठिकाने पर दबिश दी। तलाशी के दौरान घर के अंदर से शराब की पेटियां और भारी मात्रा में बोतलें बरामद हुईं। रेड के दौरान पुलिस ने विष्णु नाम के एक युवक को हिरासत में लिया है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी विष्णु एक निजी होटल में कुक (रसोइया) के तौर पर काम करता है। वह पिछले काफी समय से इस इलाके में किराए के मकान में रह रहा था। कुक के काम की आड़ में वह अवैध शराब की तस्करी का नेटवर्क चला रहा था। वह शाम के समय ग्राहकों को अवैध रूप से शराब सप्लाई करता था।
पॉश इलाके के पास हुई इस छापेमारी से स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया है। लोगों का कहना है कि उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि एक साधारण सा दिखने वाला युवक इतने बड़े गैर-कानूनी काम में संलिप्त हो सकता है। फिलहाल पुलिस ने मामले में आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
