चंडीगढ़ः विजिलेंस टीम ने सेंट्रल पब्लिक वर्क्स डिपार्टमेंट (CPWD) के क्लर्क को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। दोषी की पहचान गोपाल के रूप में हुई है। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लेने की तैयारी की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, आरोपी गोपाल लंबे समय से एक शिकायतकर्ता की फाइल क्लियर करने के नाम पर रिश्वत मांग रहा था। आरोप है कि वह पहले ही शिकायतकर्ता से एक लाख रुपये ले चुका था। इसके बावजूद उसने फाइल आगे बढ़ाने के लिए 30 हजार रुपये और देने की मांग की।
आरोपी ने कथित तौर पर कहा था कि जब तक बाकी रकम नहीं मिलेगी, तब तक फाइल क्लियर नहीं की जाएगी। शिकायतकर्ता ने बार-बार रिश्वत मांगने से परेशान होकर इसकी शिकायत चंडीगढ़ विजिलेंस से की। शिकायत की जांच के बाद विजिलेंस ने डीएसपी वेंकटेश की अगुवाई में ट्रैप लगाया। सेक्टर-9 स्थित पेट्रोल पंप के पास शिकायतकर्ता ने आरोपी को 30 हजार रुपये दिए।
जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की रकम ली, पहले से मौके पर मौजूद विजिलेंस टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया और हिरासत में ले लिया। विजिलेंस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा। पूछताछ में यह पता लगाया जाएगा कि उसके पास अब तक कितनी फाइलें आईं, कितनी लंबित हैं और कितनी फाइलें क्लियर की गई हैं। विजिलेंस इस बात की भी जांच करेगी कि क्या आरोपी ने अन्य लोगों से भी फाइलें क्लियर कराने के नाम पर रिश्वत ली थी। जरूरत पड़ने पर जिन लोगों की फाइलें आरोपी के पास लंबित या निपटाई गई हैं, उन्हें भी पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है।

