नाहनः सिरमौर जिले के पच्छाद उपमंडल में एक सड़क हादसा पेश आया है, जिसमें महिला टीचर सहित तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल है। जिसे उपचार के लिए नाहन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
हादसा सराहां बस स्टैंड से 100 मीटर दूर हुआ। गाड़ी में अधिकारी जेटली की पत्नी व बेटा और महिला टीचर रीना शर्मा सवार थी। कार अनियंत्रित होकर लगभग 250 मीटर गहरी खाई में गिरी। इसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को हादसे की सूचना दी।
हादसे में महिला टीचर रीना शर्मा (48) पत्नी राम लाल निवासी धरगौण सराहां सिरमौर और कार चालक अधिकारी जेटली (65) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अधिकारी जेटली की पत्नि उर्मिला जैटली ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ा। दंपत्ति का बेटा यशस्वी गंभीर रूप से घायल है। उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस आज तीनों मृतकों के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंपेगी। इसके बाद पैतृक गांव में तीनों का अंतिम संस्कार होगा।
पच्छाद प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को 25-25 हजार रुपए तथा घायल को 5 हजार रुपए की फौरी राहत प्रदान की है। स्थानीय विधायक रीना कश्यप ने हादसे पर दुख जताया और शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की।

