झांसीः बामौर में दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति पैदा कर दी है। बामौर स्थित संसोर नाले में आई बाढ़ ने हनुमान मंदिर, प्रतीक्षालय और कई घरों को अपनी चपेट में ले लिया। वहीं झांसी जिले में स्थित संसोर नाले में आई बाढ़ में एक कार बह गई। कार में रक्षाबंधन मनाने जा रहीं दो महिलाएं और उनके छोटे बच्चे सवार थे। इलाके में पिछले दो दिनों से हो रही भारी बारिश के चलते सड़क पर 5 से 6 फीट ऊंचा पानी बह रहा था। स्थानीय लोगों की चेतावनी को नजरअंदाज कर ड्राइवर ने जैसे ही गाड़ी पानी में उतारी, तेज बहाव में कार बहने लगी।
कार को बहता देख मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत महिलाओं और मासूम बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। दरअसल, जालौन के थाना एट के ईगुई की रहने वाली रीना पाल पत्नी ओमजी, अपनी दुधमुंही बेटी मान्या, सीमा पत्नी राजकुमार अपनीय दुधमुंही बेटी तान्या के साथ रक्षाबंधन पर्व मनाने मायके ककरबई के गांव ठर्रो जा रही थीं। उनके साथ रिश्तेदार केशपाल बेटा भैयालाल व अंकित पाल बेटा सीताराम भी सवार थे। वहीं दिन भर तेज बारिश से संसोर नाला उफना गया। जिससे खडैनी-बांमौर पी.डब्लू.डी. की सडक पर करीब 5-6 फीट ऊपर बहने लगा।
जैसे ही चालक सड़क पर पहुंचा तो कार पानी के तेज बहाव में बहती चली गईं। ग्रामीणों ने बताया कि पानी के तेज बहाव को देखते हुए कार चालक को पानी में वाहन न उतारने की सलाह दी। लेकिन चालक ने कथित तौर पर उनकी बात अनसुनी कर दी और कार को बाढ़ के पानी में उतार दिया। इसके बाद कार पानी में बहती हुई दूर तक चली गई। चालक और महिलाओं व बच्चे तुरंत दरवाजा खोलकर ऊपर आ गए। यहां ग्रामीणों की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम भी मौके पर पहुंची और रेस्क्यू में मदद की। ग्रामीण तुरंत दौड़े और अपनी जान जोखिम में डालकर दोनों महिलाओं और उनके मासूम बच्चों को कार से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं बाहर निकलकर महिलाएं बदहवास सी हो गई।