लुधियानाः शहर मुंडियां चौक बस स्टॉप के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार 3 लोगों को टक्कर मार दी। इस हादसे में बस की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई है वहीं घटना में 2 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसे के बाद आरोपी कार चालक गाड़ी समेत मौके से फरार हो गया। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल मृतक युवक की पहचान नहीं हो पाई है। वहीं हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए अन्य दो युवकों की पहचान पवनदीप और आकाश के रूप में हुई है।
Ludhiana News: ते/ज र/फ्तार कार और बाइक की ट/क्क/र, बस की च/पेट में आने से युवक की मौ/त#PunjabNews #RoadAccident #BikeCarAccident #AccidentNews #BreakingNews pic.twitter.com/2YrvC763Tz
— Encounter Newspaper (@encounter_md) August 28, 2026
जानकारी के अनुसार, घायल पवनदीप एसी (AC) रिपेयरिंग का काम करता है जबकि दूसरा घायल आकाश सिलाई-कढ़ाई का काम करता है। दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। लोगों द्वारा घटना की सूचना पुलिस को दी गई। वहीं चश्मदीदों और घटना स्थल पर मौजूद लोगों के मुताबिक बाइक सवार तीनों युवक बस स्टॉप के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान अचानक एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयंकर थी कि तीनों युवक उछल कर सड़क पर गिर गए।
इसी बीच सड़क पर गिरे एक युवक के पैरों के ऊपर से वहां से गुजर रही एक बस निकल गई, जिससे उसकी हालत बेहद नाजुक हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने अज्ञात मृतक के शव को पहचान के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है और उसकी शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके साथ ही पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि मौके से आरोपी कार चालक की गाड़ी का नंबर पता चल सके और उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।