पंचकूला: बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता गोविंदा बीते दिन गुप-चुप तरीके से पंचकूला स्थित माता मनसा देवी मंदिर पहुंचे। गोविंदा के साथ उनकी बेटी एवं बॉलीवुड अभिनेत्री टीना आहूजा भी मौजूद रही। गोविंदा को अचानक अपने बीच पाकर माता मनसा देवी मंदिर में मां के दर्शन को पहुंचे श्रद्धालु भी उनके साथ फोटो खिंचवाने को लेकर उत्सुक दिखे। वहीं, मंदिर प्रबंधन ने गोविंदा व उनकी बेटी टीना आहूजा को एक के बाद एक सभी प्रमुख मंदिरों के दर्शन कराए।
मंदिर पहुंचने पर गोविंद एक अलग लुक में नजर आए। वह सफेद पेंट और हल्के गुलाबी रंग की कमीज पहने हुए अपनी स्टाइलिश मूछों में दिखाई दिए। उनकी स्टाइलिश मूछों की चर्चाएं बॉलीवुड में भी काफी होती रही हैं, क्योंकि गोविंदा काफी समय से अपनी इस नई लुक में बने हुए हैं। अभिनेत्री टीना आहूजा भारतीय परिधान में सिर पर चुन्नी लिए हुए दिखीं। गोविंदा और उनकी बेटी टीना आहुजा ने सबसे पहले मां मनसा देवी के मुख्य मंदिर में पूजा-अर्चना कर मां रानी का आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने अन्य सभी मंदिरों के दर्शन किए और अपनी इस यात्रा को पूरा करने के लिये भैरों बाबा के दर्शन भी किए।
इस दौरान गोविंदा के साथ उनके नजदीकी एवं माता मनसा देवी मंदिर के पुजारी पंडित सुभाष चंद शास्त्री भी मौजूद रहे। पंडित सुभाष चंद शास्त्री ने गोविंदा को सभी मंदिरों के दर्शन करवा विधि-विधान से पूजा के साथ मंदिर से जुड़ी जानकारियां भी दी। पंडित सुभाष चंद शास्त्री ने बताया कि, “गोविंदा ने मंदिर पहुंचकर सबसे पहले मुख्य माता मनसा देवी मंदिर और फिर अन्य मंदिरों के दर्शन के बाद आखिर में भैरों बाबा के दर्शन किए। इसके बाद उन्होंने अपनी कई पारिवारिक एवं निजी बातें उनसे साझा की। जब कभी गोविंदा चंडीगढ़-पंचकूला आते हैं और विशेषकर मंदिर पहुंचते हैं तो उनसे मुलाकात भी जरूर करते हैं।”
पंडित सुभाष चंद शास्त्री ने बताया कि, “गोविंद व उनकी बेटी टीना आहूजा बीते करीब 2 दिन से चंडीगढ़ में हैं। वह किसी बिजनेस कार्यक्रम के चलते चंडीगढ़ पहुंचे और अपने कुछ आगामी प्रोजेक्टों पर भी विचार कर रहे हैं।” गौरतलब है कि गोविंदा की धर्मपत्नी सुनीता आहूजा भी बीते समय दर्शन के लिए चंडीगढ़ के गांव धनास स्थित मां काली मंदिर पहुंची थी। इस मंदिर में मां काली की लेटे हुए प्राचीन मूर्ति है, जिसकी काफी मान्यता है। इसी कारण सुनीता यहां मां काली का आशीर्वाद लेने पहुंची थी। उनकी दर्शन करते की कई वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। बता दें कि अभिनेता गोविंदा का 11 मार्च 1987 को सुनीता आहूजा से विवाह हुआ था।
