जालंधरः राघव चड्ढा समेत 7 सांसदों के आम आदमी पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने के बाद से राजनीतिक हलचल तेज हो गई। इस राजनीतिक घटनाक्रम के बाद प्रदेशभर में सियासी माहौल गरमा गया है और आम आदमी पार्टी के समर्थकों व कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखने को मिल रही है। कई लोग इस फैसले को पार्टी और जनता के विश्वास के खिलाफ बता रहे हैं। इसी नाराजगी के बीच पंजाब के अलग-अलग हिस्सों में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, आम आदमी पार्टी के कुछ कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने राज्यसभा सांसद और पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह समेत अन्य नेताओं के घरों के बाहर प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारियों ने नाराजगी जाहिर करते हुए उनके घरों के बाहर विरोध स्वरूप नारेबाजी की और दीवारों पर ‘गद्दार’ जैसे शब्द भी लिखे थे।
इस बीच अब एक नया वीडियो सामने आया है, जिसमें एक बुजुर्ग व्यक्ति बाइक पर सवार होकर हरभजन सिंह के घर के बाहर पहुंचता दिखाई दे रहा है। वीडियो में वह कथित तौर पर हरभजन सिंह के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल करता नजर आ रहा है। बुजुर्ग ने गुस्से में यह तक कहा कि “यह घर तुम्हें सरकार ने अलॉट करवाया था” और उनके फैसले पर सवाल उठाए। वीडियो में यह भी देखा गया कि मौके पर पंजाब पुलिस के जवान तैनात थे और व्यक्ति इस घटना को अंजाम देकर मौके से फरार हो गया।
