लुधियानाः शहर के सुरजीत एनक्लेव संगम पैलेस के पास देर रात उस समय दहशत का माहौल बन गया जब 2 अज्ञात युवकों ने घर के बाहर खड़ी हुंडई क्रेटा कार को आग लगा दी। इस दौरान पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार रात करीब 3:49 बजे एक एक्टिवा पर सवार होकर 2 युवक गली में आते हैं। उनमें से एक युवक नीचे उतरता है और कार पर कोई ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर उसे आग लगा देता है। देखते ही देखते कार आग की लपटों में घिर जाती है और आरोपी मौके से फरार हो जाते हैं।
हौजरी कारोबारी सार्थक मल्होत्रा ने बताया कि वारदात के समय पूरा परिवार गहरी नींद में सोया हुआ था। अचानक बाहर एक तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। जब सार्थक और उनके परिवार ने बाहर आकर देखा, तो उनकी क्रेटा कार धू-धू कर जल रही थी। उन्होंने तुरंत हिम्मत दिखाई और बाल्टियों से पानी डालना शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था और आग घर के अंदर तक फैल सकती थी।
सार्थक मल्होत्रा के अनुसार, करीब 6 महीने पहले भी उनकी गाड़ी के साथ छेड़छाड़ या इसी तरह की घटना को अंजाम देने की कोशिश की गई थी। कारोबारी के परिवार में इस घटना के बाद से काफी डर का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही जगतपुरी चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सार्थक मल्होत्रा की शिकायत दर्ज कर ली है। सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
