कैथलः कैथल के गांव थेहबनेडा में एक कार ड्राइवर ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे में करीब 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई। वह दो बहनों का अकेला भाई था। पिता की पहले मौत हो चुकी है। इस संबंध में मृतक लड़के के चाचा ने पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने आरोपी ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
गांव थेहबनेडा डेरा बाजीगर के मलकित सिंह ने चीका थाना में दी शिकायत में बताया कि वह जगदम्बा राइस मिल में सिक्योरिटी गार्ड का काम करता है। उसके बड़े भाई का नाम मनजीत सिंह है, जिसकी मौत हो चुकी है। मनजीत सिंह के पास एक लड़का जिसका नाम जसप्रीत सिंह व दो लड़की हैं। जसप्रीत सिंह बाइक ठीक करने का काम करता था। बीते दिन जसप्रीत सिंह बाइक पर सवार होकर अपनी बड़ी बहन को लेने के लिए भागल जा रहा था।
जब वह गांव थेह बनेडा में पंचायत भूमि के पास पहुंचा तो अज्ञात कार के ड्राइवर ने जसप्रीत की बाइक को टक्कर मार दी। इस दौरान आरोपी मौके से फरार हो गया। वे जसप्रीत को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल गुहला लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने जसप्रीत सिंह को मृत घोषित कर दिया।
शिकायतकर्ता ने आरोपी गाड़ी ड्राइवर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। चीका थाना के जांच अधिकारी विक्रम सिंह ने बताया कि इस संबंध में पुलिस के पास शिकायत आई है। पुलिस ने अज्ञात कार ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।