चंडीगढ़ः पंजाब में नेशनल नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की टीम ने शुक्रवार को एएस एंड कंपनी के शराब के करीब 80 ठेकों को सील कर दिया है। बताया जा रहा है कि इस कंपनी के ड्रग तस्करी के सरगना अक्षय छाबड़ा के कारोबार में 25 फीसदी हिस्सेदारी थी। बताया जा रहा है कि नशे की तस्करी से कमाए गए पैसों को अक्षय छाबड़ा शराब के धंधे में लगा रहा है। एनसीबी की टीम शुक्रवार तड़के चंडीगढ़ से लुधियाना पहुंची और इस ग्रुप के ठेके सील कर दिए। जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से फरार होने के दौरान अक्षय छाबड़ा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था।

अक्षय छाबड़ा और उसका साथी संदीप सिंह जनता नगर के रहने वाले हैं। अक्षय छाबड़ा एक बड़े शराब कारोबारी के बेटे हैं। नशा तस्कर अक्षय छाबड़ा के घर के साथ ही उसने कई प्लॉट भी खरीदे थे। आरोपी ने खाली समय बिताने के लिए बड़ा फार्म हाउस बना रखा है। छाबड़ा ने नशे के पैसों से कई लग्जरी गाड़ियां भी खरीदी हैं। इसके साथ ही लुधियाना जिले के फोर्टिस ग्रुप, गिल ग्रुप और ढोलेवाल ग्रुप में भी अक्षय की 100 फीसदी हिस्सेदारी है।

