जम्मू-कश्मीरः श्री अमरनाथ गुफा के लिए शुक्रवार से वार्षिक अमरनाथ यात्रा का शुभारंभ हो गया। श्रद्धालु बालटाल और पहलगाम मार्गों से बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए रवाना हुए। पहलगाम में सुबह बूंदाबांदी के बीच यात्रा शुरू हुई। सुबह होते ही पुरुषों, महिलाओं और साधु-संतों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु नुनवान और बालटाल आधार शिविरों से पवित्र गुफा की ओर रवाना हुए। संबंधित जिलों के उपायुक्तों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों ने श्रद्धालुओं के पहले जत्थे को हरी झंडी दिखाकर यात्रा की औपचारिक शुरुआत कराई।
इससे पहले वीरवार को जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर से जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने 4,809 से अधिक श्रद्धालुओं के पहले जत्थे को हरी झंडी दिखाकर कश्मीर घाटी के लिए रवाना किया था। घाटी पहुंचने पर प्रशासन और स्थानीय लोगों ने श्रद्धालुओं का गर्मजोशी से स्वागत किया।
यात्रा को सुरक्षित और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। पुलिस, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) तथा अन्य अर्धसैनिक बलों के हजारों जवान पूरे यात्रा मार्ग पर तैनात किए गए हैं। इसके अलावा संवेदनशील क्षेत्रों की हवाई निगरानी भी की जाएगी।
इस वर्ष अमरनाथ यात्रा 57 दिनों तक चलेगी और 28 अगस्त को विधिवत संपन्न होगी। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर प्रशासन विशेष नजर बनाए हुए है।


