ऊना,सुशील पंडित: गवर्नमेंट हाई स्कूल भदौडी में शनिवार को विद्यार्थियों के लिए किशोरावस्था विषय पर जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व हरोली खंड के चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिंगारा सिंह के निर्देशन में एम एच एस मोहन लाल ने किया।
शिविर के दौरान विद्यार्थियों को किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक एवं मानसिक परिवर्तनों की जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, संतुलित आहार लेने, नियमित व्यायाम करने और व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।
डॉ. ने विद्यार्थियों को बढ़ती उम्र में होने वाले बदलावों से घबराने के बजाय सही जानकारी और सकारात्मक सोच अपनाने की सलाह दी। उन्होंने विद्यार्थियों को बीमारियों से बचाव के उपायों तथा स्वस्थ जीवन के लिए आवश्यक आदतों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया। अंत में विद्यार्थियों ने स्वास्थ्य संबंधी प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा विस्तार से उत्तर दिया गया।
