ऊना,सुशील पंडित: सहायक लोक सम्पर्क अधिकारी नीलम कुमारी आज (सोमवार) को सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग में 38 वर्ष 2 माह 25 दिनों की दीर्घ एवं समर्पित सेवाओं के उपरांत जिला लोक सम्पर्क अधिकारी कार्यालय ऊना से सेवानिवृत्त हुईं। उनकी सेवानिवृत्ति के अवसर पर कार्यालय परिसर में गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया।
नीलम कुमारी ने सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग में अपने सेवाकाल की शुरुआत जिला लोक सम्पर्क कार्यालय ऊना में बतौर आशुटंकक की थी। दीर्घ सेवावधि के दौरान उन्होंने ऊना, हमीरपुर, कांगड़ा तथा निदेशालय शिमला में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करते हुए विभाग को अपनी सेवाएं प्रदान कीं। अपने सेवाकाल में उन्होंने कार्य के प्रति निष्ठा, अनुशासन, कार्यकुशलता एवं सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन किया तथा विभागीय कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
सम्मान समारोह की अध्यक्षता जिला लोक सम्पर्क अधिकारी ऊना सचिन संगर ने की। उन्होंने नीलम कुमारी को सेवानिवृत्ति की शुभकामनाएं देते हुए विभाग के प्रति उनके दीर्घकालीन योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि नीलम कुमारी ने अपने सेवाकाल में पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ विभागीय दायित्वों का निर्वहन किया है। उनकी कार्यकुशलता, अनुशासन और सहयोगात्मक कार्यशैली विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगी।
उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा से सेवानिवृत्ति जीवन के एक महत्वपूर्ण पड़ाव का समापन होने के साथ-साथ जीवन के नए चरण की शुरुआत भी है। उन्होंने नीलम कुमारी के सुखद, स्वस्थ एवं आनंदमय भविष्य की कामना की। इस अवसर पर जिला लोक सम्पर्क अधिकारी कार्यालय ऊना के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी नीलम कुमारी के स्वस्थ, सुखद एवं मंगलमय भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।