अमृतसरः सचखंड श्री हरमंदिर साहिब में तैनात शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की सुरक्षा टीम ने ईमानदारी की मिसाल पेश की है और एक NRI सिख परिवार का खोया हुआ कीमती बैग सुरक्षित वापस लौटाया है। इस बैग में ब्रिटिश मुद्रा (भारतीय रुपयों में लगभग 20 लाख के बराबर), एक भारतीय पासपोर्ट और 2 अमेरिकी पासपोर्ट थे।
इस संबंध में जानकारी देते हुए एसजीपीसी के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने बताया कि सोढ़ी सिंह नामक एक श्रद्धालु, जो विदेश से दर्शन करने के लिए दरबार साहिब आए थे, अपनी फ्लाइट की जल्दबाजी में यह बैग वहीं भूल गए थे। जब उन्होंने इसकी शिकायत की, तो श्री हरमंदिर साहिब की 5 सदस्यीय सुरक्षा टीम ने तत्काल कार्रवाई की और सारा सामान बरामद कर लिया और उसे उसके असली मालिक को सौंप दिया। इस इमानदारी के चलते उन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि अब इन कर्मचारियों की जिम्मेदारी और भी बढ़ गई है, क्योंकि उन्होंने संगत का विश्वास जीत लिया है।
गर्मी के मौसम और संगत की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए, प्रधान धामी ने सेवकों को निर्देश दिया कि वे छोटे बच्चों वाली माताओं, बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए एक अलग कतार की व्यवस्था करें, ताकि उन्हें लंबी कतारों में किसी भी परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने संगत से भी अपील की कि यदि परिवार बड़ा है, तो बच्चों वाले सदस्य छोटी कतार से जाएं और परिवार के बाकी सदस्य सामान्य शिष्टाचार के अनुसार सहयोग करें। उन्होंने कहा कि गुरु घर आने वाली संगत की सुविधा और सुरक्षा शिरोमणि कमेटी की मुख्य प्राथमिकता है।
