लुधियानाः शहर में चोरी की वारदातें दिन प्रतिदिन बढ़ती ही जा रही हैं। लुटेरे शरेआम लोगों को लूट का शिकार बना रहे हैं। प्रतिदिन कोई न कोई मामला सामने आता है जहां लुटेरे बेखोफ होकर भोले-भाले लोगों की खून पसीने से कमाई दौलत को मिनटों में उड़ाकर ले जाते हैं। वहीं ऐसा ही एक ओर मामला सामने आया है जहां, गली में कुत्ते को घुमा रही एक महिला से 2 लुटेरों ने चेन छीन ली और मौके से फरार हो गए। इस दौरान घटना का एक वीडियो भी सामने आया है जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी मुताबिक, एक महिला रोज की तरह मोहल्ले में अपने पालतू कुत्ते को घुमा रही थी। इसी दौरान एक युवक महिला को रास्ता पूछने के बहाने उसके पास आ गया। युवक ने मुंह पर मास्क लगा रखा था। इस दौरान एक अन्य युवक दूसरी तरफ मोटरसाइकिल पर उसका इंतजार कर रहा था। जैसे ही महिला का ध्यान भटका तभी युवक ने उसके गले से चेन छपटी और उसे धक्का देकर फरार हो गया। इस दौरान सारी घटना मोहल्ले में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। अब देखना ये होगा कि मामले में पुलिस क्या कार्रवाई करती है।
