तीन लोग PGI रेफर
ऊना (सुशील पंडित): जिले के मशहूर धार्मिक स्थल पीरनिगाह में मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। इस हादसे में मां नैना देवी के दर्शन के लिए जा रहे हरियाणा के करनाल जिले के इंद्री गांव के करीब 50 से 60 श्रद्धालुओं से भरा ट्रक पीरनिगाह में झंडा रस्म अदा करने के बाद उतराई में अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया।इस हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
राहगीरों और स्थानीय लोगों ने कड़ी मेहनत करने के बाद ट्रक में फंसे हुए श्रद्धालुओं को बाहर निकाला। घायलों को एंबुलेंस और स्थानीय लोगों के वाहनों के जरिए से क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने तुरंत उपचार शुरू किया। हादसे में करीबन 30 श्रद्धालुओं के घायल होने की सूचना है इनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर उपचार के लिए PGI चंडीगढ़ रेफर किया गया है। वहीं, जिन श्रद्धालुओं की हालत स्थिर है, उन्हें वाहनों के माध्यम से उनके पैतृक गांव इंद्री वापस भेजा जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। तहसीलदार ऊना की ओर से घायलों को तत्काल राहत उपलब्ध करवाने की कार्रवाई भी शुरू की गई। बताया जा रहा है कि श्रद्धालु हर साल की तरह इस बार भी पीरनिगाह दरबार में झंडा रस्म अदा करने पहुंचे थे। इसके बाद उनका मां नैना देवी के दर्शन कर वापस घर लौटने का कार्यक्रम था, लेकिन पीरनिगाह के खतरनाक मोड़ पर ट्रक चालक का वाहन से नियंत्रण खो गया और ट्रक गहरी खाई में जा गिरा। पुलिस ने हादसे को लेकर मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।