जालंधर, ENS: रेडक्रॉस भवन में निगम हाउस की मीटिंग में भारी हंगामा हुआ। हालांकि भारी हंगामे के बीच मेयर विनीत धीर और नगर निगम कमिशनर संदीप ऋषि की अगुवाई में प्रस्ताव पास किए गए। मामले की जानकारी देते हुए नगर निगम कमिशनर संदीप ऋषि ने बताया कि जनरल हाउस की मीटिंग में मता नंबर 163 से 210 तक के प्रस्ताव पास किए गए। जिसमें 183 मता भी शामिल है। उन्होंने कहाकि सोलेड वेस्ट प्रोजेक्ट को हाउस में ड्रॉप किया गया। दरअसल, कर्मचारी यूनियन के मनों में आशंका थी और उसके कारण इसे अभी रोक दिया गया। संदीप ऋषि ने बताया कि यूनियन के साथ मीटिंग के बाद उनकी सहमति से ही प्रस्ताव को पास किया जाएगा। ऐसे में इस प्रोजेक्ट को रोक दिया गया।
उन्होंने कहाकि से इससे पहले टेबल आइकन प्रस्ताव को पास किया गया। वहीं पार्षदों की मुश्किलों को सुनकर मेयर विनीत धीर द्वारा जवाब दिया गया। इस दौरान उन्होंने कहाकि मीटिंग के दौरान कुछ हंगामा भी देखने को मिला था, जिसके बाद कुछ पार्षदों द्वारा वॉक आउट कर दिया गया। हालांकि मेजोरिटी में पार्षदों की सहमति से आज प्रस्ताव पास किए गए है। बता दें कि एजेंडे में 50 चौराहों पर स्मार्ट ट्रैफिक सिस्टम लगाने का प्रस्ताव शामिल थे। इस प्रोजेक्ट के लिए पहले 9.98 करोड़ रुपए का अनुमान तैयार किया गया था, जिसे तकनीकी जांच के बाद 9.51 करोड़ रुपए मंजूर किया गया है। इसके अलावा बस्ती पीर दाद क्षेत्र में 20 एमएलडी क्षमता का नया सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और 45 एमएलडी क्षमता का मेन पंपिंग स्टेशन बनाने का प्रस्ताव रखा गया।
नगर निगम जालंधर में संयुक्त कमिश्नर के पद दो से बढ़ाकर चार करने का भी प्रस्ताव शामिल थे। अमृत 2.0 योजना के तहत प्रस्तावित प्रोजेक्ट की लागत 32.79 करोड़ रुपए है, जबकि पांच साल के संचालन और रखरखाव पर 2.35 करोड़ रुपए खर्च होंगे। योजना के तहत करीब 70 मीटर ग्रेविटी सीवर, 280 मीटर पंपिंग मेन और काला संघियां ड्रेन की ट्रेंचलेस क्रॉसिंग भी की जाएगी। केंद्र सरकार 33 प्रतिशत और पंजाब सरकार 67 प्रतिशत पूंजीगत लागत देगी। लेदर कॉम्प्लेक्स में 20 एमएलडी एसटीपी बनाने के लिए पंजाब स्मॉल इंडस्ट्रीज एंड एक्सपोर्ट कॉरपोरेशन लिमिटेड से 9802.16 वर्ग गज जमीन लेने का प्रस्ताव है। जमीन 99 साल की लीज पर मिलेगी, जिसे आगे 99 साल के लिए रिन्यू किया जा सकेगा। जमीन की दर 12 हजार रुपए प्रति वर्ग गज तय की गई है और कुल अनुमानित कीमत 11.76 करोड़ रुपए है। निगम को शुरुआती 15 प्रतिशत डाउन पेमेंट के रूप में 2,00,22,998 रुपए जमा करने होंगे।
इससे पहले 1,17,36,000 रुपए अर्नेस्ट मनी डिपॉजिट और कैंसर सेस के रूप में जमा किए जा चुके हैं। सभी 85 वार्डों में इंटीग्रेटेड सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट सिस्टम लागू करने के लिए 607.11 करोड़ रुपए का संशोधित प्रस्ताव हाउस में रखा गया है। यह काम आठ साल की अवधि के लिए दो हिस्सों में कराया जाएगा। पहले हिस्से में कैंट और वेस्ट विधानसभा क्षेत्र शामिल होंगे, जिसकी अनुमानित लागत 364.27 करोड़ रुपए है। दूसरे हिस्से में सेंट्रल और नॉर्थ विधानसभा क्षेत्र होंगे, जिस पर 242.84 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है। नॉर्थ विधानसभा क्षेत्र में सीवर और पेयजल के लिए 22 कामों का प्रस्ताव रखा गया है। इसकी टोटल कॉस्ट 3,18,88,922 रुपए है। स्टार पैराडाइज कॉलोनी, गुरु नानक एवेन्यू, वीनस वैली एक्सटेंशन, न्यू अमृत विहार, नवज्योति कॉलोनी, न्यू नागरा कॉलोनी और रेडिसन एन्क्लेव में नई सीवर लाइनें और मैनहोल बनाए जाएंगे। गदईपुर पुली, गांधी कैंप और कमल पैलेस के पास क्षतिग्रस्त सीवर लाइनों की मरम्मत का प्रावधान है। नगर निगम ने शहर की मुख्य और ब्रांच सीवर लाइनों की सुपर सक्शन मशीनों से सफाई के लिए 25.72 करोड़ रुपए के अनुमान तैयार किए हैं।