जालंधरः शहर के भगवान वाल्मीकि चौक पर स्थित खोखे वाले के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित ने बताया कि हमलावर उससे करीब 4 हजार रुपए ले गया और तोड़फोड़ भी की गई। पीड़ित ने पुलिस को मामले की शिकायत दे दी है और आरोपी पर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी देते पीड़ित संदीप ने बताया कि वह रोजाना की तरह अपने खोखे पर सामान बेच रहा था कि इस दौरान पीछे के मोहल्ले का एक युवक आया और उससे मारपीट करके उसके खोखे का सामान इधर-उधर फेंकने लगा। संदीप के मुताबिक, आरोपी ने नशा किया हुआ था। हंगामा करने के बाद आरोपी ने उसकी जेब से करीब 4 हजार रुपए निकाल लिए और उसके मुंह पर मुक्का मारकर उसे घायल कर दिया। उन्होंने कहा कि थोड़ी ही दूर पुलिस मुलाजिम चालान काट रहे थे और उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की। वहीं आज रविवार होने के चलते बाजार में भीड़ भी काफी थी, लेकिन किसी ने उसे नहीं छुड़वाया और न ही उनकी मदद की। पीड़ित ने पुलिस को मामले की शिकायत दे दी है और इंसाफ की मांग की है।
वहीं दूसरी ओर पुलिस मुलाजिम ने बताया कि उन्हें पीड़ित ने शिकायत दे दी है। जांच के बाद बनती कार्रवाई की जाएगी।
